हिमाचल: परवाणू में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, टकसाल सड़क बंद; सेब मंडी के पास ट्रैफिक वन-वे
परवाणू (सोलन)। सोलन जिले के परवाणू क्षेत्र में रविवार को करीब दो घंटे हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। बारिश के कारण टकसाल गांव का संपर्क मार्ग बंद हो गया, जबकि सेब मंडी के पास पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने के बाद शिमला जाने वाले मार्ग पर यातायात को वन-वे करना पड़ा।
सेक्टर-2 स्थित टकसाल रेलवे फाटक के पास सड़क पर पानी भरने से कई वाहन फंस गए। टकसाल के शिवलोती मंदिर के पास नाले का पानी कुछ उद्योगों में घुसने की भी जानकारी सामने आई है।
सेक्टर-5 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के आसपास सुरक्षा डंगे को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने बारिश जारी रहने पर स्थिति और खराब होने की आशंका जताई है।
सेब मंडी के समीप पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने चक्की मोड़ पर जवान तैनात कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और वन-वे व्यवस्था लागू की।
वहीं, शिवालिक कैफे के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया। राहत की बात है कि चालक के सुरक्षित होने की जानकारी है। कोटी के पास कालका-शिमला रेलवे लाइन पर भी मलबा आने से ट्रैक करीब 20 से 25 मिनट प्रभावित रहा, जिसके बाद मलबा हटाकर रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से खराब मौसम में गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जलभराव व भूस्खलन वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की गई है।